जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
आम के बाग की जुताई करने निकला युवक झूलते विद्युत तारो की चपेट मे आ गया। तार के सम्पर्क में आते ही युवक विद्युत करंट से बुरी तरह झुलस गया। आनन फानन ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए। जहाँ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। आवश्यक लिखा पढी़ के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोशा प्रयागपुर के मजरा भारत खेड़ा निवासी प्रवीण कुमार यादव ( 38) उर्फ तिवारी उर्फ तनवीर पुत्र छम्मी लाल गांव के ही विनोद का बाग बटाई पर लिए था। आज शनिवार को सुबह वह बाग की जुताई करने की बात कह कर घर से निकला था । बाग में ही अधिष्ठापित नलकूप के लिए निकले विद्युत तार जमीन से कुछ ही ऊंचाई पर झूल रहे थे। जिसे वह देख न सका और उसकी चपेट में आ गया। विद्युत प्रवाहित तारो के सम्पर्क में आते ही वह बुरी तरह से झुलस गया।ग्रामीण आनन फानन उसे अस्पताल ले गए। जहाँ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही परिजनों मे कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सोमवती बेटी शुभी, रुचि, शालू, लक्ष्मी तथा दो बेटे रचित और रिशू का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक के परिजन ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। आवश्यक लिखा पढी़ के बाद पुलिस ने प्रवीण का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।




