जी भारत न्यूज24
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र की घटना; टॉफी का लालच देकर खेत में ले गया आरोपी, पुलिस की ढीली कार्रवाई से नाराज पीड़ित परिवार ने क्षेत्राधिकारी (CO) से लगाई न्याय की गुहार।
उन्नाव (उत्तर प्रदेश)।
एक तरफ सरकार जहां ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ मासूम बच्चियों के खिलाफ दरिंदगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला उन्नाव जिले के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत मोहान से सामने आया है, जहां एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची को हवस का शिकार बनाने का प्रयास किया गया। इस घटना और पुलिस की कथित शिथिलता को लेकर स्थानीय कस्बे के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
चॉकलेट-टॉफी का लालच देकर खेत में ले गया आरोपी
पीड़ित पिता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, घटना मंगलवार शाम लगभग 6:30 बजे की है। मोहल्ला जवाहर नगर का रहने वाला आरोपी दिलशाद अली (पुत्र असगर अली) ने 5 साल की मासूम बच्ची को टॉफी और चॉकलेट का लालच दिया। इसके बाद वह बच्ची को फुसलाकर घर के पीछे खेतों में खींच ले गया, जहां उसने मासूम के साथ दरिंदगी करने की कोशिश की। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर बच्ची भागते हुए अपने घर पहुंची और रोते हुए परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।
दबंगई: शिकायत करने पर पीड़ित पिता को लात-घूंसों से पीटा
घटना की जानकारी मिलते ही जब पीड़ित पिता शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचा, तो आरोपी के परिवार ने इंसाफ देने के बजाय दबंगई दिखाई। पीड़ित का आरोप है कि वहां मौजूद असगर अली के बेटों—दिलशाद अली, आशिक अली और अभिषेक ने पीड़ित पिता को घेर लिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीट दिया।
“जवान खून है, कुछ भी कर सकता है”
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी के पिता असगर अली ने यह शर्मनाक बयान देते हुए धमकी दी कि अगर इस मामले की शिकायत लेकर पुलिस के पास गए, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना।
🚨 घंटों बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर आरोपी, CO से गुहार
धमकियों से डरे बिना पीड़ित पिता न्याय के लिए मोहान पुलिस चौकी पहुंचा और लिखित प्रार्थना पत्र दिया। पीड़ित का कहना है कि पुलिस को तहरीर दिए कई घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पुलिस की पकड़ से दूर है।
चौकी स्तर पर कार्रवाई न होने से परेशान होकर बुधवार को पीड़ित पिता ने क्षेत्राधिकारी (CO) हसनगंज को प्रार्थना पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई और सुरक्षा की मांग की।
कस्बे के लोगों में उबाल, पुलिस बोली- जांच जारी
मोहान कस्बे में एक के बाद एक मासूमों के साथ बढ़ रही दरिंदगी की घटनाओं को लेकर स्थानीय नागरिकों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस ने जल्द ही कठोर कार्रवाई नहीं की, तो वे प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।
आधिकारिक पक्ष: इस पूरे मामले पर जब क्षेत्राधिकारी (CO) हसनगंज से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट देवेश प्रताप सिंह राठौर




