पंकज त्रिपाठी
जी भारत न्यूज24
भिण्ड । गत दिवस दिनांक 24/02/2024 के रात्रि के लगभग 10.30 बजे पुलिस अधीक्षक डॉ असित यादव को स्थानीय संघ (आरएसएस) कार्यालय जिला भिण्ड से सूचना प्राप्त हुई कि संघ परिसर के खाली ग्राउण्ड में एक तरफ हेण्ड ग्रेनेड जैसी संरचना रखी हुई है, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुये पुलिस अधीक्षक डॉ. यादव ने थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को उक्त स्थान पर पहुंचने हेतु निर्देश दिये तथा मामले की गम्भीरता को देखते हुये स्वयं उस स्थान पर पहुंचे जहां से सूचना आई थी। सिटी कोतवाली निरीक्षक प्रवीण सिंह चौहान द्वारा दूर से देखने पर उक्त संरचना हेण्ड ग्रेनेड जैसी दिखाई दी जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुये स्थानीय डॉग स्काट तथा बीडीडीएस टीम मुरैना को सूचित किया जिस पर बीडीडीएस टीम मुरैना ने शीघ्र ही पहुंच कर उक्त ग्रेनेड का परीक्षण कर उसे 30 – 35 वर्ष पुराना तथा जीर्ण हालत में होना बताया जिसकी बाहरी परत खराब दिख रही थी जिसे सैण्ड बोरी में रखकर प्रोटोकॉल अनुसार कार्यवाही की जा रही है।
घटनाक्रम के संबंध में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक प्रवीण सिंह चौहान द्वारा जायजा लेने पर पता चला कि संघ कार्यालय के परिसर मे समतलीकरण के लिये दो तीन वर्ष पूर्व स्थानीय ग्राम डिडी,जहां पर भिण्ड जिलें की पुरानी फायरिंग रेंज हुआ करती थी, से मिट्टी लाई गई थी जो कार्यालय के सामने बने खाली मैदान में फैलाई हुई है। दो दिन पूर्व दिनांक 23/02/2024 को स्थानीय मोहल्ले के बच्चे जो उस परिसर में खेलने आते थे, उन्हें मिट्टी में यह ग्रेनेड मिला था, जिसे संघ कार्यालय में तत्समय उपस्थित राममोहन पुत्र शिवनरेश भदौरिया निवासी ग्राम विरगवां थाना पावई के द्वारा इसे यथा स्थान पर मैदान में ही किनारे पर रखवा दिया तथा अपने वरिष्ठजनों के माध्यम से पुलिस को रात्रि दिनांक 24/02/2024 को सूचना दी गई जिस पर से पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुये किसी भी अफवाह को विराम देते हुये सक्षम एवं उपयुक्त कार्यवाही की गई।




