जी भारत न्यूज24
लखनऊ। सबके चेहरे पर मुस्कान बिखेरने और गरीब-कमजोर की आवाज बनने वाले सहारा इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजय अरोड़ा का अचानक हृदय गति रुक जाने (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उनके इस आकस्मिक निधन की खबर से पूरे सहारा परिवार, उनके करीबियों और इष्ट-मित्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। दो-तीन दिन पहले तक कार्यालय में मुस्तैद दिखने वाला हंसता-खिलखिलाता चेहरा यूं अचानक शांत हो जाएगा, इस पर किसी को यकीन नहीं हो रहा है।
संजय अरोड़ा का जीवन बेहद संघर्षपूर्ण रहा। उन्होंने कई कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए सहारा इंडिया में एक बड़े पद तक का सफर तय किया। हालांकि, इतने ऊंचे ओहदे पर पहुंचने के बाद भी उनमें कभी पद का अहंकार नहीं दिखा। वह अपने हर छोटे-बड़े कर्मचारी का ख्याल रखते थे। कर्मचारियों के हक और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वह अक्सर मैनेजमेंट से भी टकरा जाते थे।
मदद के लिए हमेशा रहते थे तत्पर
केवल सहारा परिवार ही नहीं, बल्कि समाज के हर कमजोर और जरूरतमंद व्यक्ति के लिए संजय अरोड़ा हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते थे। आर्थिक मदद से लेकर हर संभव सहयोग के लिए वह हमेशा आगे रहते थे।
उनके चले जाने से एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है, जिसे भरना नामुमकिन है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और इस असीम दुख की घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करे।




