जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ, उन्नाव: कोतवाली क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर मार्ग पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम मदार नगर के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
सामान लेने चौराहे पर जा रहे थे सुखलाल
जानकारी के अनुसार, ग्राम मदार नगर निवासी सुखलाल कुशवाहा (55) पुत्र धनीराम सोमवार रात करीब 8 बजे घर से जरूरी सामान लेने के लिए चौराहे की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह मार्ग पार करने लगे, तभी एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुखलाल उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
परिजन और स्थानीय लोग घायल सुखलाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे, लेकिन वहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
परिवार का सहारा छिना, कोहराम मचा
घर के मुखिया की अचानक मौत से पूरे मदार नगर गांव में शोक की लहर है। मृतक अपने पीछे पत्नी शिवरानी, दो पुत्रियों (रानी व सुदामा) और दो पुत्रों (सुरेंद्र व वीरेंद्र) को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




