जी भारत न्यूज24
भिंड: दीपावली और आगामी त्यौहारों के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भिंड पुलिस मुस्तैद है। इसी कड़ी में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध कार्बाइड गन निर्माण और भंडारण पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
प्रशासन का सख्त आदेश
ज्ञात हो कि त्योहारों के दौरान अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण पैदा करने वाले अवैध संशोधित पटाखों, विशेष रूप से लोहा/स्टील या पीवीसी पाइपों में पोटाश भरकर बनाई जाने वाली ‘कार्बाइड गन’ (पोटाश गन) के क्रय, विक्रय और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। इस संबंध में वरिष्ठ कार्यालयों द्वारा सख्त आदेश जारी किए गए थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की छापेमारी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली भिंड को एक महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। मुखबिर ने बताया कि मारकंडेश्वर हाट के पास एक व्यक्ति अपनी वेल्डिंग की दुकान में पोटाश कार्बाइड गन बनाने और बेचने का अवैध धंधा कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता गुर्जर ने तुरंत एक टीम का गठन किया और मुखबिर के बताए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस टीम को मौके पर आरोपी अवैध रूप से पोटाश कार्बाइड गन का निर्माण करते हुए रंगे हाथों मिला।
भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त
पुलिस ने मौके से अवैध रूप से निर्मित और निर्माणधीन सामग्री को जब्त कर लिया। जब्त की गई सामग्री का विवरण इस प्रकार है:
पोटाश कार्बाइड गन (बनी हुई): 07 नग
वेल्डिंग रॉड: 05 नग
वेल्डिंग मशीन: 01 नग
लोहे का हथौड़ा: 01 नग
जब्त की गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 40-50 हजार रुपये बताई जा रही है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली भिंड में अपराध क्रमांक 547/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) और आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता गुर्जर के नेतृत्व में टीम की अहम भूमिका रही। टीम में सउनि दीपक तोमर, प्रआर 332 नीरज भदौरिया, आर 877 रामबरन, आर 1185 बृजमोहन सिंह, आर 760 संदीप राजावत, आर 174 राघवेन्द्र तोमर और आर 309 अभिषेक यादव शामिल थे।
भिंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा भंग करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




