जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
आज शुक्रवार की सुबह से ही नगर और क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह होते ही आसमान में घने बादल छा गए और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके साथ चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना तो बना दिया, लेकिन ईद की खुशियों को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। कल आज शनिवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा और ऐसे में मौसम को लेकर रोजेदारों के मन में आशंका बनी हुई है। ईद को लेकर नगर में खासा उत्साह है। लोगों ने अपने-अपने हिसाब से खरीदारी पूरी कर ली है और परिवार के साथ घूमने-फिरने, रिश्तेदारों से मिलने तथा बच्चों को ईदगाह और बाजार ले जाने की तैयारियां कर रखी हैं। बच्चों में ईद को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। नए कपड़े, जूते-चप्पल और मिठाइयों की खरीदारी के बाद सभी त्योहार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रोजेदारों का कहना है कि यदि ईद के दिन भी इसी तरह बादल छाए रहे, बूंदाबांदी होती रही और ठंडी हवाएं चलती रहीं तो त्योहार का आनंद फीका पड़ सकता है। खासतौर पर ईदगाह में नमाज, बाजारों की रौनक और बच्चों के घूमने-फिरने पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल सभी की निगाहें मौसम पर टिकी हैं और लोग दुआ कर रहे हैं कि ईद के दिन मौसम साफ रहे।ताकि त्योहार पूरे उत्साह, उमंग और खुशियों के साथ मनाया जा सके।




