जी भारत न्यूज24
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना दरोगा खेड़ा चौकी के पास हुई। मृतकों की पहचान गुमान खेड़ा, मौरावां निवासी 17 वर्षीय शिवम यादव और लोहानीपुर, मौरावां निवासी 40 वर्षीय मनोज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक शनिवार शाम उन्नाव शहर में अपना काम निपटाने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। दरोगा खेड़ा चौकी के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बता दे कि स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे युवक को गिरा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को जिला अस्पताल भेजा जहां उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि शिवम का शव घटना स्थल से कुछ दूरी पर पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर इतनी तेज थी कि शिवम का शव कुछ दूरी पर खंती में मिला, जबकि मनोज का शव सड़क किनारे बाइक के पास पड़ा था। आसपास के लोगों ने बताया कि हादसा देर शाम हुआ था, जब सड़क पर रोशनी कम थी और वाहन तेज गति से गुजर रहे थे। रविवार सुबह दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए, जहां परिजनों ने उनकी शिनाख्त की। बता दे कि मृतक शिवम यादव अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। मनोज अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। दोनों ही मजदूरी के लिए उन्नाव शहर आए थे। परिजनों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।




