जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश मोंठ (झाँसी)। रविवार को मोंठ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा उस समय हो गया जब ग्राम नेहरू नगर गौशाला के पास से गुजर रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरे खाई में जा पलटा। दुर्घटना में चालक दिनेश आदिवासी (निवासी ग्राम आमखेड़ा), पुत्र जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर आमखेड़ा गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में मोड़ के पास अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दिनेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोंठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर को खाई से निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजनों को हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि दिनेश अपनी जिम्मेदारियों को निभाने वाला शांत स्वभाव का युवक था। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार और ग्रामीणों में गहरा शोक है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का सत्यापन किया जा रहा है।
देवेश प्रताप सिंह राठौर ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश




