जी भारत न्यूज24
झांसी। उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए शनिवार का दिन बेहद मंगलमय रहा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम से ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (PM Kisan) की 23वीं किस्त जारी कर दी है। इस ऐतिहासिक सौगात से अकेले उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं, जिनके बैंक खातों में ₹4,352.40 करोड़ की ‘सम्मान निधि’ सीधे डीबीटी (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर की गई है।
अपने झांसी दौरे पर रहे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में झांसी स्थित आयुक्त सभागार से वर्चुअली जुड़े। मुख्यमंत्री के साथ झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा, राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, विधायक जवाहर लाल राजपूत और उप्र गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि भी ऑनलाइन इस कार्यक्रम के साक्षी बने।
अन्नदाता की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
इस बड़ी सौगात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। सीएम योगी ने लिखा, “अन्नदाता किसानों की समृद्धि और खुशहाली आदरणीय प्रधानमंत्री जी के यशस्वी नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी संकल्प की सिद्धि हेतु आज 23वीं किस्त के रूप में देश के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों को ₹18,880 करोड़ से अधिक की धनराशि ट्रांसफर की गई है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि देश के अन्नदाता के परिश्रम, सम्मान और समृद्धि के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का एक सशक्त प्रतीक है।
खातों में आए दो-दो हजार रुपये, जानिए क्या है योजना
शनिवार को देश के पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में दो-दो हजार रुपये की किस्त सीधे हस्तांतरित हुई। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो साल में तीन बार दो-दो हजार रुपये की किस्तों के रूप में सीधे बैंक खातों में पहुंचती है। इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से की थी।
यूपी के किसानों को अब तक मिले 1 लाख करोड़ से अधिक, देखें पूरा आंकड़ा
शनिवार को जारी हुई ₹4352.40 करोड़ की राशि को मिलाकर उत्तर प्रदेश के किसानों के खाते में योजना की शुरुआत से लेकर अब तक कुल ₹1,03,391.24 करोड़ की सम्मान निधि भेजी जा चुकी है।
वर्षवार प्राप्त धनराशि का पूरा ब्यौरा इस प्रकार है:
वित्तीय वर्ष उत्तर प्रदेश को मिली कुल धनराशि
2018-19₹ 2,238.92 करोड़
2019-20₹ 11,006.87 करोड़
2020-21₹ 14,432.14 करोड़
2021-22₹ 15,775.52 करोड़
2022-23₹ 12,454.32 करोड़
2023-24₹ 13,808.48 करोड़
2024-25₹ 15,594.74 करोड़
2025-26₹ 13,727.85 करोड़
2026-27 (अप्रैल-जुलाई)₹ 4,352.40 करोड़
कुल योग₹ 1,03,391.24 करोड़ रुपये
इस बड़ी वित्तीय सहायता से उत्तर प्रदेश के ग्रामीण अंचल और कृषि क्षेत्र को भारी संबल मिला है, जिससे किसान बेहद उत्साहित हैं।




