जी भारत न्यूज24
उन्नाव,नवाबगंज।
ग्राम पंचायत जैतीपुर के बूथ संख्या 313, 314, 315 और 316 पर एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी पदाधिकारी, सम्भ्रांत नागरिक, बीएलओ, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कविता गौतम और सुपरवाइजर किशन यादव सहित कई जिम्मेदार लोग मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य आगामी चुनाव के मद्देनज़र मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं संशोधन कार्य की प्रगति की समीक्षा करना था।
दोहरी प्रविष्टि, मृतक व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया मजबूत
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची में जिन व्यक्तियों के नाम दो स्थानों पर दर्ज थे, जो मृतक हैं, या जो क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके है।उनके नाम पृथक कर दिए गए हैं। इस संशोधित सूची को बैठक में उपस्थित लोगों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
नई प्रविष्टियों के लिए प्रक्रिया जारी सुपरवाइजर
सुपरवाइजर किशन यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया अभी जारी है। जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे निर्धारित समय के भीतर फ़ॉर्म भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सभी कार्य निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार किए जा रहे हैं।
“सरकार का यह कदम अत्यंत आवश्यक” उपस्थित नागरिकों की प्रतिक्रिया
बैठक में शामिल सम्भ्रांत व्यक्ति एवं स्थानीय नागरिकों ने सरकार द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण को अत्यंत आवश्यक कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से फर्जी मतदान पर अंकुश लगेगा तथा आगामी चुनावों में वास्तविक मतदान प्रतिशत बढ़ने की पूरी संभावना है।पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की दिशा में सकारात्मक पहल बैठक का समापन पारदर्शी और विश्वसनीय चुनाव व्यवस्था की दिशा में सभी की संयुक्त प्रतिबद्धता के साथ हुआ। सभी अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए लगातार कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।




