जी भारत न्यूज24
संवाददाता: देवेश प्रताप सिंह राठौर
स्थान: झांसी (उत्तर प्रदेश)
कैटेगरी: स्थानीय समाचार / विकास कार्य
झांसी। जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (DMF) के तहत झांसी में विकास कार्यों की गंगा बहेगी। खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ जिले की नदियों, झीलों और तालाबों के संरक्षण व क्षमता वृद्धि के लिए बड़े पैमाने पर कार्ययोजना तैयार की गई है।
कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (झांसी) की शासी परिषद एवं प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनहित, शिक्षा, स्वास्थ्य और जल संचयन से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई।
📌 न्यूज़ की बड़ी बातें (Key Highlights)
जल संचयन: पहुंज नदी, सुखनई नदी, बढ़वार झील एवं टहरौली तालाब की क्षमता वृद्धि और जल संचयन के लिए बनेगी डीपीआर (DPR)।
शिक्षा में सुधार: सैनिक स्कूल के लिए जलापूर्ति एंव नगर क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों को ‘स्मार्ट क्लास’ से लैस करने का प्रस्ताव।
मजबूत सड़कें: DMF फंड से सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण होगा, 5 साल का मेंटेनेंस अनिवार्य।
स्वास्थ्य सेवा: रानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज की लिफ्ट होंगी आधुनिक, सभी सरकारी अस्पतालों में लगेगा सोलर सिस्टम।
💧 जल संचयन: नदियों और झीलों का बढ़ेगा जलस्तर
बैठक में जल संचयन प्रणाली (30% अन्य प्राथमिकता वाले कार्य) के तहत जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को तत्काल कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत:
पहुंज नदी और सुखनई नदी का संरक्षण किया जाएगा।
बढ़वार झील का संरक्षण एवं उसकी जल क्षमता बढ़ाई जाएगी।
टहरौली तालाब की क्षमता वृद्धि और वर्षा जल संचयन के कार्य किए जाएंगे।
🏫 शिक्षा और सुरक्षा: सैनिक स्कूल को पानी और बेटियों को बाउंड्री वॉल
शिक्षा के क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए जिलाधिकारी ने बड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं:
सैनिक स्कूल: स्कूल में सुचारू पेयजल आपूर्ति के लिए जल निगम को डीपीआर बनाने के निर्देश दिए गए।
स्मार्ट क्लास: विधायक सदर श्री रवि शर्मा के प्रस्ताव पर नगर क्षेत्र के विद्यालयों को स्मार्ट क्लास के रूप में विकसित किया जाएगा।
गोद लिया गांव: विधायक बबीना श्री राजीव सिंह पारीछा द्वारा गोद लिए गए विकासखण्ड बड़ागांव के ग्राम ‘पोहरा’ के विद्यालय को समस्त आधुनिक सुविधाओं से संतृप्त किया जाएगा।
छात्राओं की सुरक्षा: जिलाधिकारी ने माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों में बाउंड्री वॉल बनाने के प्रस्तावों को शामिल करने के निर्देश दिए ताकि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
🏥 स्वास्थ्य: मेडिकल कॉलेज की लिफ्ट होंगी मॉडर्न, लगेंगे सोलर पैनल
खनन प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने के संकल्प को दोहराते हुए बैठक में मेडिकल कॉलेज के कायाकल्प पर चर्चा हुई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों की सहमति से तय हुआ कि:
मेडिकल कॉलेज की सभी पुरानी लिफ्टों को आधुनिक (मॉडर्न) बनाया जाएगा।
जिले के समस्त शासकीय (सरकारी) अस्पतालों में बिजली संकट से निपटने के लिए सोलर सिस्टम के माध्यम से विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
⚠️ कार्यदायी संस्था को फटकार, गुणवत्ता खराब मिली तो होगी जेल!
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी सख्त तेवर में नजर आए। तहसील सदर के ग्राम फुटेरा (बरुआसागर) में ₹2.09 करोड़ की लागत से बन रहे खेल के मैदान व मिनी इंडोर हॉल के काम पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) द्वारा रोक लगाए जाने के मामले में उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीसीडको (UPCIDCO) को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने बचे हुए कार्यों को एक माह के भीतर हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चेतावनी: जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों की डीपीआर तत्काल जमा करें और कार्य गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। यदि जांच में गड़बड़ी मिली तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
🛣️ भारी वाहनों के दबाव को झेल सकेंगी सड़कें
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रतापपुरा-धनौरा संपर्क मार्ग एवं पनारी संपर्क मार्ग की ऐसी डिजाइन तैयार की जाए जो हैवी लोड (भारी वाहनों) से खराब न हो। साथ ही सड़क निर्माण की डीपीआर में 05 साल के अनुरंक्षण (कंजर्वेशन/मेंन्टेनेंस) कार्य को अनिवार्य रूप से शामिल करने को कहा।
📋 जनप्रतिनिधियों के इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी
बैठक में विभिन्न सांसदों और विधायकों द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए रखे गए प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई:
सदस्य विधान परिषद (MLC) डॉ बाबूलाल तिवारी: 27 प्रस्ताव
सदस्य विधान परिषद रमा निरंजन: 08 प्रस्ताव
विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत: 07 प्रस्ताव
विधायक सदर रवि शर्मा: 03 प्रस्ताव
मा0 सांसद जालौन-भोगनीपुर: 24 प्रस्ताव
मा0 सांसद झांसी-ललितपुर: 02 प्रस्ताव
विधायक बबीना राजीव सिंह परीछा: 01 प्रस्ताव
विधायक मऊरानीपुर: 01 प्रस्ताव
👥 बैठक में यह रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामेश्वर सुधारक सब्बनवाड, जाइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, सीएमओ डॉक्टर सुधाकर पांडेय, एडीएम (न्याय) अरुण कुमार गौड़, जिला खनिज अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता रजनीश गुप्ता, आरईएस के अधिशासी अभियंता श्री रजनीश कुमार, डीपीआरओ डॉ. बालगोविंद श्रीवास्तव, डीआईओएस रती वर्मा, बीएसए विपुल शिवसागर सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




