जी भारत न्यूज24
वजन इतना कि सुरक्षाबलों को कुलियों से उठवाकर थाने लाना पड़ा माल
झांसी । वीरांगना,रानी लक्ष्मीबाई स्टेशन से भारी मात्रा में सुरक्षा बलों ने चांदी की सिल्लियां पकड़ी हैं। एक युवक ट्रेन से यह चांदी नागपुर से आगरा ले जा रहा था। लेकिन झांसी में उसे पकड़ लिया गया। चांदी का वजन इतना था कि सुरक्षा बलों को उसे उठवाने के लिए कुलियों का इंतजाम करना पड़ा। फिलहाल चांदी का वजन किया जा रहा है।
रेल सुरक्षा बल और जीआरपी को सूचना मिली थी कि एक युवक समता एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार है। मुखबिर ने बताया कि उसके पास दो बोरियों और एक बैग में कुछ संदिग्ध सामान है। इसके बाद जैसे ही ट्रेन झांसी पहुंची तो सुरक्षा बलों ने कोच में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए आगरा निवासी एक युवक को पकड़ लिया। उसके पास मिली बोरियों की तलाशी ली गई तो उनमें भारी मात्रा में चांदी की सिल्लियों के साथ ही बैग में चांदी की पायलें मिलीं। इस माल का वजह इतना था कि सुरक्षाबल उसे उठाकर थाने नहीं ला पा रहे थे। इसके बाद झांसी स्टेशन से ही दो कुलियों को बुलाया गया। इसके बाद पूरा माल जीआरपी थाने लाया गया। यहां जीआरपी थाना प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और आरपीएफ थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार कौशिक की मौजूदगी में चांदी का वजन किया जा रहा है। वहीं, वाणिज्य विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल पकड़े गए माल का वजन किया जा रहा है। वहीं, शुरूआती आंकलन के अनुसार पकड़ी गई चांदी की कीमत लगभग एक करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
आगरा ले जा रहा था चांदी
ट्रेन के जनरल कोच से पकड़े गए युवक ने सुरक्षा बलों को बताया कि वह ये माल नागपुर से ला रहा था। ये माल उसे आगरा में कई व्यापारियों को सौंपना था। हालांकि वह चांदी से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सका है।
देवेश प्रताप सिंह राठौर, ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश




