जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ | न्यूज़ डेस्क उन्नाव के बांगरमऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सजगता का परिचय देते हुए एक 12 वर्षीय गुमशुदा बालिका को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। बालिका अपने पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी।
पिता की डांट से नाराज होकर छोड़ा था घर
जानकारी के अनुसार, मदार नगर निवासी राम रोशन पुत्र राम बली ने पुलिस को सूचना दी कि 16 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 6 बजे उन्होंने अपनी पुत्री को एक परिचित (परमेश्वर पुत्र खिलाड़ी) के घर जाने से मना किया था। पिता की इस बात से नाराज होकर बालिका बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने पुलिस की मदद ली।
CCTV कैमरों ने दिखाई राह
प्रभारी निरीक्षक बांगरमऊ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने इलाके के पेट्रोल पंप और आसपास के रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बालिका रात करीब 8:30 बजे घर से निकलकर पेट्रोल पंप के पीछे के रास्ते से परमेश्वर के घर की ओर जाती दिखी।
परमेश्वर के घर सोती मिली बालिका
CCTV से मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची। तलाशी के दौरान बालिका परमेश्वर के घर में सोती हुई पाई गई। पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए बालिका को सुरक्षित बरामद किया और विधिक प्रक्रिया के बाद उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस टीम की सराहना:
स्थानीय निवासियों और बालिका के परिजनों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना की है। पुलिस की सक्रियता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और मासूम सुरक्षित घर वापस लौट आई।
ब्यूरो रिपोर्ट: बांगरमऊ न्यूज़ डेस्क




