जी भारत न्यूज24
भिंड। ग्वालियर-भिंड-इटावा हाईवे (NH-719) पर लगातार हो रहे भीषण हादसों और क्षेत्र में किसानों को हो रही खाद की भारी किल्लत के विरोध में भिंड महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष श्रीमती शांति कुशवाह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर दोनों गंभीर जनसमस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की है।
हादसों का हाईवे बना NH-719, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान हाईवे पर रोज-ब-रोज हो रही दुर्घटनाओं की ओर आकृष्ट कराया गया। महिला कांग्रेस ने मांग की है कि NH-719 पर जितने भी दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स (Black Spots) हैं, उनकी तत्काल पहचान की जाए। इसके साथ ही सड़क की मरम्मत, संकेतक (Signboards) और आवश्यक सुरक्षा घेरे तुरंत बनाए जाएं ताकि राहगीरों और आमजन की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
खाद किल्लत से किसान परेशान, पारदर्शी वितरण की मांग
सड़क सुरक्षा के साथ-साथ महिला कांग्रेस ने किसानों के सामने उत्पन्न खाद संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। शांति कुशवाह ने कहा कि बोवनी के सीजन में किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कृषि विभाग के जरिए पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और इसकी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाया जाए ताकि कालाबाजारी पर रोक लग सके।
महिला कांग्रेस की चेतावनी
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष शांति कुशवाह ने कहा कि भिंड की जनता और किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो महिला कांग्रेस आमजन के हक के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।




