जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश उन्नाव थाना दही क्षेत्र के मुर्तजानगर में एक नवविवाहिता पर पति की हत्या का आरोप लगा है। मृतक की मां दोपदी ने बहू, उसके भाई सुजीत और सास पार्वती पर पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है। शत्रुधन की शादी 2023 में अजगैन थाना क्षेत्र के जालिमखेड़ा की रहने वाली किरन से हुई थी। दोपदी के मुताबिक, शादी के बाद से ही किरन का व्यवहार शत्रुधन के प्रति ठीक नहीं था। वह रोज झगड़ा करती थी।
अक्टूबर 2023 में शत्रुधन को बिना बताए अपने मायके ले गई। दो दिन तक बेटे से संपर्क न होने पर दोपदी ने किरन की मां से बात की। उन्होंने बेटे से बात कराने से मना कर दिया। इसके बाद दोपदी अपने बड़े बेटे के साथ किरन के घर पहुंची। वहां शत्रुधन बेहोश मिला। उसे पहले उन्नाव के कमलावती अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसे जहर दिया गया है। फिर उसे कानपुर के रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया। दो दिन आईसीयू में रहने के बाद 17 अक्टूबर 2023 को उसकी मौत हो गई। दोपदी का आरोप है कि बहु के अन्य पुरुषों से अवैध संबंध थे। वह संपत्ति हासिल करने के लिए अपने भाई और मां के साथ मिलकर इस हत्या की साजिश में शामिल थी। शत्रुधन की मौत के बाद उसके पिता रामचंद्र की भी 19 दिसंबर 2024 को मौत हो गई। अब बीमार दोपदी अपने बड़े बेटे के साथ रह रही है। दोपदी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, किरन का डाक्टरी परीक्षण कराया जाए और उसके कथित अवैध संबंधों की जांच हो। साथ ही, किरन, उसके भाई सुजीत और उसकी मां पार्वती पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।
सुभाष सिंह,ब्यूरो चीफ उन्नाव




