जी भारत न्यूज24
चुनावी मीडिया प्रबंधन, मीडिया छात्रों के लिए अवसर- प्रो मुन्ना तिवारी
उत्तर प्रदेश झांसी डिजिटल युग में चुनावी रणनीति की बारीकियों पर मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
आगामी चुनाव में इंटर्न के रूप में कार्य करने का मिलेगा अवसर
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के भास्कर जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान द्वारा आयोजित “राजनीतिक प्रबंधन, सोशल मीडिया एवं अभियान प्रबंधन योजना” विषयक तीन दिवसीय कार्यशाला का आज सफल समापन हुआ।
समापन सत्र की अध्यक्षता कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. मुन्ना तिवारी ने की। उन्होंने संस्थान द्वारा किए गए इस उत्कृष्ट आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि, “भास्कर संस्थान ने इस कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्तमान डिजिटल राजनीति की गहराइयों से परिचित कराया है। यह पहल विश्वविद्यालय की अकादमिक गुणवत्ता का प्रमाण है।”
प्रो. तिवारी ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को प्राप्त ‘नैक ए प्लसप्लस’ ग्रेड और कैटेगरी-एक विश्वविद्यालय के रूप में हालिया उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान और संकायों की इसी प्रकार की सक्रियता विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कार्यशाला में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा-पत्र भी प्रदान किए।
समापन दिवस के मुख्य वक्ता सुमित नायक, सीईओ, अरुणा पॉलिटिक्स और सह-संस्थापक, पीपल कनेक्ट टेक्नोलॉजीज ने चुनावी प्रबंधन से जुड़ी फार्म-20 के विश्लेषण, आंकड़ों की प्रस्तुति, ग्राफिक निर्माण एवं डिजिटल माध्यमों से मतदाता संवाद जैसे विषयों पर गहन व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि एक सफल चुनावी अभियान के लिए आंकड़ों की व्याख्या और उनका प्रस्तुतिकरण उतना ही महत्वपूर्ण है जितना प्रचार।
उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स और डिजिटल ग्राफिक्स का रचनात्मक और रणनीतिक उपयोग मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच बना सकता है।
संस्थान के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने कार्यशाला की उपलब्धियों का सार प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉजय सिंह, डॉ राघवेंद्र दीक्षित, डॉ अभिषेक कुमार, डॉ बृजेश परिहार, गोविंद यादव, अतीत विजय, ऋषि विजय, देवेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
देवेश प्रताप सिंह राठौर, ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश




