जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड झांसी। जनपद की गरौठा तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत भदरवारा खुर्द में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार झमाझम बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत का कारण बनती जा रही है। गुरुवार से जारी तेज बारिश के चलते शुक्रवार को गांव के निवासी हरिशंकर पटेल उर्फ रानू का कच्चा मकान पूरी तरह ढह गया, जिससे उनके घर में रखा सारा गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया है।
परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। इस प्राकृतिक आपदा ने न सिर्फ उनके आशियाने को छीना, बल्कि उनके दैनिक जीवन और भविष्य की उम्मीदों पर भी बड़ा असर डाला है। घर गिरने के बाद से परिजन बेहद परेशान हैं और उन्हें अब अपने भरण-पोषण की चिंता सताने लगी है।
पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को सुबह 11 बजे मीडिया से बात करते हुए शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। उनका कहना है कि यदि जल्द मदद नहीं मिली, तो उनके लिए जीवनयापन करना बेहद कठिन हो जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के चलते अन्य कई कच्चे घर भी खतरे की जद में हैं, और अगर बारिश का यही सिलसिला जारी रहा, तो नुकसान और भी बढ़ सकता है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस आपदा से प्रभावित परिवार की सुध कितनी जल्दी लेता है और उन्हें राहत देने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
देवेश प्रताप सिंह राठौर, ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश




