जी भारत न्यूज24
संवाददाता अरुण शुक्ला
भिंड–महोबा रेल लाइन की मंजूरी के 10 साल बाद भी काम शुरू नहीं, सरकार को जगाओ जनता!
भिंड, 07 अक्टूबर 2025।
देश के प्रख्यात समाजवादी चिंतक व विचारक और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक रघु ठाकुर ने भिंड पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि “भिंड की सबसे बड़ी त्रासदी है कि यहां विकास की गाड़ियां रुकी पड़ी हैं, पर दुर्घटनाएं दौड़ रही हैं। नेशनल हाईवे 719 (ग्वालियर–भिंड–इटावा मार्ग) अब ‘मौत का रास्ता’ बन गया है। हर हफ्ते लोग मर रहे हैं और सरकारें सो रही हैं।”
एनएच-719 बना ‘मौत का रास्ता’ फोर या सिक्स लेन बनाओ, वरना बड़ा आंदोलन
रघु ठाकुर ने कहा कि ग्वालियर–भिंड–इटावा हाईवे (एनएच-719) पर हर सप्ताह असंख्य दुर्घटनाएँ हो रही हैं। उन्होंने कहा कि “सरकार मुआवजे पर करोड़ों खर्च कर देती है, लेकिन सड़क चौड़ी करने में एक पैसा नहीं लगाती। अब वक्त आ गया है कि इस सड़क को कम से कम फोर लेन, और बेहतर हो तो सिक्स लेन बनाया जाए।” उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल यात्रियों के लिए नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों और रोज़गार से जुड़े लाखों लोगों के जीवन की धुरी है। “हम मांग करते हैं कि इस हाईवे को मजबूत डिवाइडर और सेफ्टी ज़ोन के साथ फोर या सिक्स लेन में तुरंत परिवर्तित किया जाए। अगर सरकार ने काम शुरू नहीं किया तो लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना देगी और इसे राष्ट्रीय आंदोलन बनाएगी।”
भिंड–महोबा रेल लाइन: बनी मंजूर, पर पड़ी ठंडी
रघु ठाकुर ने कहा कि भिंड–महोबा रेल लाइन जनता की वर्षों पुरानी मांग है, जो ममता बनर्जी के रेल मंत्री रहते स्वीकृत हुई थी। “हमारे आंदोलनों के बाद यह रेल लाइन मंजूर हुई थी, यहां तक कि भाजपा सरकार में मनोज सिन्हा (तब रेल राज्य मंत्री) ने भिंड आकर इसका ऐलान भी किया था, पर दस साल बीत गए आज तक पत्थर तक नहीं रखा गया।” उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी, व्यापार, कृषि और पर्यटन को जबरदस्त लाभ होता, हजारों लोगों को रोजगार मिलता और सड़क हादसे भी घटते। “यह सिर्फ रेल लाइन नहीं, भिंड की जीवन रेखा है। अगर सरकार इसे अब भी ठंडे बस्ते में रखती है तो जनता का धैर्य जवाब देगा।” लोसपा का ऐलान विकास के सवालों पर अब निर्णायक लड़ाई
रघु ठाकुर ने घोषणा की कि“अगर सरकार ने एनएच-719 को 4/6 लेन और भिंड–महोबा रेल लाइन के काम को शुरू नहीं किया, तो लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी दिल्ली में जंतर-मंतर धरना देगी और जनांदोलन छेड़ेगी। यह सिर्फ सड़क और रेल की नहीं, बल्कि जनता के हक और भविष्य की लड़ाई है।”
विश्व राजनीति पर भी बोले ठाकुर युद्ध की आग रोकनी होगी
वैश्विक संदर्भ में उन्होंने कहा कि रूस–यूक्रेन, इज़रायल–हमास और चीन–ताइवान जैसे संघर्ष पूरे विश्व को तीसरे विश्व युद्ध की ओर धकेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि “संयुक्त राष्ट्र बेअसर साबित हुआ है। अब केवल महात्मा गांधी और डॉ. लोहिया के विचार ही दुनिया को बचा सकते हैं एक ‘विश्व संसद’ का गठन होना चाहिए जो सभी देशों की निर्वाचित संसद हो, तभी हथियारों की दौड़ रुकेगी।”
श्रद्धांजलि– पंडित छन्नू लाल मिश्र और सड़क हादसों के मृतकों को नमन
रघु ठाकुर ने कहा कि भारत ने महान संगीत साधक पंडित छन्नू लाल मिश्र को खो दिया है, जो भारतीय संगीत की आत्मा थे। साथ ही उन्होंने सड़क हादसों में मारे गए लोगों और गौ माताओं को भी श्रद्धांजलि दी और कहा कि “हम तुम्हें बचा नहीं सके, पर तुम्हें श्रद्धांजलि देते हैं ताकि इस सरकार को शर्म आ सके।” श्री ठाकुर भिंड में अतिक्रमण के खिलाफ पार्टी के द्वारा आयोजित धरने को संबोधित करने के लिए भिंड पहुंचे थे धरने से पहले श्री ठाकुर ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही इससे पहले उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को पत्रकारों के समक्ष उठाया जिनमें किसानों को फोरी राहत दो, अतिक्रमण हटाओ, बसली बांध के डूबग्रस्तों को मुआवजा दो, धरने के पूर्व अपने वक्तव्य में श्री ठाकुर ने कहा कि हालिया बारिश में किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं और खेतों में पानी भरा है, लेकिन कोई राहत नहीं दी गई। “हर प्रभावित किसान को ₹10,000 प्रति एकड़ की फौरी राहत दी जाए।” साथ ही उन्होंने भिंड में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण और बसली बांध डूब क्षेत्र में मुआवजा न मिलने पर प्रशासन को चेताया कि “अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो पार्टी आंदोलन तेज करेगी। सरकारी भूमि जनता की है, माफियाओं की जागीर नहीं।”
राज्य में अराजकता और अपराध बढ़े, मुख्यमंत्री करें ठोस कार्रवाई
श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में अपराध, कब्जा और माफिया राज चरम पर है। उन्होंने कहा कि “राजधानी तक सुरक्षित नहीं रही है। मुख्यमंत्री जी को चाहिए कि माफियाओं के खिलाफ विशेष मुहिम चलाएं और अक्षम अफसरों को तुरंत हटाएं।”




