जी भारत न्यूज24
झांसी। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर जनपद में ’12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के’ अभियान चलाया जा रहा है। 5 जून से 21 जून, 2026 तक चलने वाले इस समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को विकास खण्ड बबीना की ग्राम पंचायत रक्सा में एक भव्य ‘रात्रि चौपाल’ का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में आयोजित इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।
निर्धनतम बस्ती का निरीक्षण और जमीनी हकीकत का जायजा
रात्रि चौपाल से पूर्व जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी के साथ ग्राम पंचायत रक्सा की अत्यंत पिछड़ी और निर्धनतम बस्ती का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान वे स्थानीय निवासी श्रीमती शीला पत्नी बाबूलाल एवं सुधा पत्नी नवल के घर पहुंचे। डीएम ने महिलाओं से सीधा संवाद कर उनके पेंशन, आवास और आयुष्मान कार्ड की स्थिति जानी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल संपर्क कर समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
महानगर अध्यक्ष ने गिनाईं 12 वर्षों की उपलब्धियां
रात्रि जन चौपाल में उपस्थित भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरकार की नीतियों ने देश और आम जनमानस के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल, हुआ अन्नप्राशन व स्वास्थ्य परीक्षण
चौपाल में विभिन्न सरकारी विभागों (स्वास्थ्य, कृषि, महिला कल्याण, आईसीडीएस, उद्योग आदि) द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
महिला व बाल विकास विभाग: इसके अंतर्गत बच्चों का अन्नप्राशन, महिलाओं की गोद भराई और पोषण पोटली का वितरण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग: स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण व दवाइयां वितरित की गईं।
योजनाओं की समीक्षा और कानून व्यवस्था पर कड़ा रुख
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और श्रमिकों के उत्थान के लिए निरंतर समर्पित है। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्कूल में शिक्षकों की उपस्थिति, मिड-डे मील व शिक्षा की गुणवत्ता, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, हर घर जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति व गुणवत्ता, और बिजली सप्लाई का फीडबैक लिया, जिसपर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
भूमि विवादों पर सख्त चेतावनी:
जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसी दबंग व्यक्ति द्वारा किसी गरीब की जमीन पर या किसी भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है, तो जांच कराकर आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिदिन कलेक्ट्रेट में होती है जनसुनवाई
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि किसी भी नागरिक को कोई समस्या है, तो वे प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे के बीच कलेक्ट्रेट में होने वाली जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपना प्रार्थना पत्र दे सकते हैं, जिसका नियमानुसार त्वरित निस्तारण कराया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस रात्रि चौपाल कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह, नगर उपाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जिला विकास अधिकारी (DDO) सुनील कुमार, परियोजना निदेशक राजेश कुमार, डीपीआरओ डॉ. बाल गोविंद श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव सहित उद्योग, पूर्ति, और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: देवेश प्रताप सिंह राठौर




