जी भारत न्यूज24
उन्नाव। जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें 58 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सोहरामऊ थाना क्षेत्र से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने सड़क किनारे खड़े पहलात नाथ श्रीवास्तव को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक पहलात नाथ श्रीवास्तव निवासी बादेखेड़ा, थाना बंथरा, लखनऊ बताए गए हैं। वह पेशे से गार्ड थे और रोजाना की तरह अपने काम पर जाते समय हादसे का शिकार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार काफी तेज गति से आ रहा था और संतुलन बिगड़ने के कारण सीधे अधेड़ व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पहलात नाथ गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई।
सूचना पाकर सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह लगभग 8 बजे के आसपास हुआ। बाइक सवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा वाहन को थाना परिसर में जमा कर दिया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटे ने बताया कि उसके पिता रोज सुबह काम पर निकलते थे और हमेशा सड़क किनारे सुरक्षित राह से पैदल चलते थे। लेकिन सोमवार सुबह किस्मत ने साथ नहीं दिया और अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार अक्सर काफी तेज रहती है। कई बार शिकायतें भी की गईं कि स्पीड कंट्रोल और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




