जी भारत न्यूज24
उन्नाव। SIR सर्वे को लेकर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पन्नालाल सभागार में प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्ट्रेट सहित जिले की सभी तहसीलों में हेल्पिंग बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां कोई भी नागरिक जाकर SIR सर्वे से जुड़ी समस्याओं का समाधान और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है। बता दे की डीएम ने बताया कि सर्वे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के उद्देश्य से ऑनलाइन माध्यम की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लोग निर्धारित वेबसाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से SIR फॉर्म भर सकते हैं। इस कार्य में किसी भी स्तर पर दिक्कत आने पर हेल्प डेस्क पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मदद के लिए तैयार रहेगी। उन्होंने कहा कि BLOs (बीएलओ) को सर्वे का महत्वपूर्ण भागीदार बनाया गया है। प्रशासन की टीम उनके साथ लगातार एक्टिव मोड में काम कर रही है, ताकि घर-घर जाकर सर्वे की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ सके। इसी क्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले BLO को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित भी किया गया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य करेगा। डीएम गौरांग राठी ने गर्व के साथ बताया कि SIR मैपिंग कार्य में उत्तर प्रदेश में उन्नाव ने पहला स्थान हासिल किया है, जो जिले की पूरी टीम, प्रशासन और जनता के सहयोग से ही संभव हो पाया है। उन्होंने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि SIR सर्वे बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी लोग अपने दस्तावेजों और सूचनाओं को सही-सही दर्ज कराने में सहयोग करें, ताकि किसी को भी आगे चलकर किसी प्रकार की समस्या न हो।




