जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
नगर के विभिन्न स्थानों पर इंटरलॉकिंग मार्ग बर्बाद कर कराए जा रहे स्ट्रीट लाइट कार्य को लेकर सभासदों ने कड़ा विरोध जताया है। नगर के विभिन्न वार्डों के सभासदों ने अधिशाषी अधिकारी को पत्र सौंपकर ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग उठाई है । प्रेषित पत्र में आरोप लगाया है कि नगरपालिका के ठेकेदार द्वारा इंटरलॉकिंग सड़कों को उखाड़कर स्ट्रीट लाइट के पोल गाड़े जा रहे हैं ।लेकिन पोल गाड़ने के बाद इंटरलॉकिंग की समुचित पैचिंग नहीं की जा रही है। इससे हाल ही में बनी सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और नगरवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभासदों का कहना है कि सड़कें उखाड़े जाने के बाद गड्ढे छोड़ दिए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा ठेकेदार द्वारा लगाए जा रहे हाईमास्ट लाइट बेहद घटिया किस्म की हैं । जिनकी रोशनी भी मानक के अनुरूप नहीं है। पत्र में सभासदों ने मांग की है कि संबंधित वार्ड के सभासद के सत्यापन और संतुष्टि के बिना ठेकेदार का भुगतान न किया जाए। साथ ही कार्य की गुणवत्ता की जांच कर दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ताकि नगर की सड़कों और विकास कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे।




