जी भारत न्यूज24
गोपाल बसेड़िया
नेशनल हाईवे 719 के मुद्दे पर भाजपा नेता सिर्फ फोटो खिचाने की कर रहे हैं राजनीति
भिण्ड । मध्यप्रदेश विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष अटेर विधायक हेमंत कटारे ने सोमवार शाम को अटेर रोड़ भिंड में अपने निज निवास पर प्रेस कांफ्रेंस की । पत्रकार वार्ता में उन्होंने भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाए। श्री कटारे ने कहा कि कलेक्टर की जिम्मेदारी कानून – व्यवस्था सुधारने की होती है,लेकिन वे अपराधियों के साथ गाड़ियों में घूमते देखे जा रहे हैं। श्री कटारे ने आरोप लगाते हुए कहा कि कलेक्टर निजी वाहनों से खदानों पर छापे मारते हैं और अवैध गतिविधियों में लिप्त अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ संबंध रखते हैं ।
उन्होंने ने कहा कि भिंड कलेक्टर सुभाष मिश्रा बाबा नामक व्यक्ति के इशारों पर काम कर रहे हैं । श्री कटारे ने दावा किया कि कलेक्टर इस अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति के साथ घूमते हैं और उसी के कहने पर कार्रवाई करते हैं।
श्री कटारे ने कहा कि भिंड कलेक्टर की दतिया रेत कंपनी से मिली भगत होने और कलेक्टर पर हुए पथराव से जिले की छवि खराब हुई है। भिंड कलेक्टर कानून व्यवस्था बिगाड़ने का काम कर रहे है। कलेक्टर को खनिज माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही करना है,तो पुलिस व खनिज टीम को विश्वास में लेकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुभाष बाबा का भिंड कलेक्टर से क्या रिश्ता है,इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिये।
उन्होंने कहा कि कलेक्टर ने हमारे निर्दोष मतदाताओं के ऊपर गोलियां चलवाई इसकी वह घोर निंदा करते हैं।
श्री कटारे ने भिंड कलेक्टर व सुभाष मिश्रा बाबा के एक साथ सड़को पर गाड़िया पकड़ने के फोटो भी जारी किए हैं। श्री कटारे ने यह भी आरोप लगाया कि भिंड की खदानों की नीलामी न कराकर भिंड कलेक्टर दतिया जिले की रेत कंपनी को फायदा पहुंचा रहे हैं,उनके पास इसके पुख्ता सबूत हैं,उन्होंने कहा भिंड में खदानों के न चलने के कारण जिले के राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है,भिंड कलेक्टर जनसमस्याओं की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रहे वह तो बस अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के साथ घूमकर दतिया की रेत कम्पनी को फायदा पहुंचाने में लगे हुए हैं।
उन्होंने नेशनल हाईवे 719 की बदहाली पर भाजपा नेताओं को घेरते हुए कहा कि भिंड जिले के नेशनल हाईवे 719 पर लगातार हो रहे हादसों में हर साल सैकड़ों लोगों की जान जा रही है,लेकिन इस समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने भिंड – दतिया की सांसद श्रीमती संध्या राय व अन्य भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सिर्फ केंद्रीय एवं प्रदेश के मंत्रियों व बड़े नेताओं के साथ फोटो खिंचवाने में व्यस्त हैं,भिंड के लोगों की परेशानियों के निराकरण पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल हाइवे 719 को बनाने के लिए विधानसभा में संकल्प प्रस्ताव के माध्यम से केंद्र को भेजने की बात रखेंगे।
प्रेसवार्ता में गोहद विधायक केशव देसाई,युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह,कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा,पूर्व जिलाध्यक्ष जय श्रीराम बघेल,अनिल भारद्वाज, पंकज त्रिपाठी,अटेर ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद बघेल,युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह गुर्जर आदि मौजूद रहे ।




