जी भारत न्यूज24
कलेक्टर ने लहार नगर पालिका में जनसुनवाई कर आवेदकों की समस्या का किया निराकरण
जिला मुख्यालय पर अपर कलेक्टर ने की जनसुनवाई
अपर कलेक्टर ने जनसुनवाई में दो आवेदकों का तत्काल किया निराकरण
जनसुनवाई में अवधकिशोर एवं लक्षीराम को मौके पर ही मिली ट्राईसाईकिल
भिण्ड। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव द्वारा जिले में नवाचार करते हुए पहल प्रारंभ की अब राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम जनसुनवाई में दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के आमजनों को उनके निवास के समीप ही समस्याओं और शासन की योजना का लाभ मिल सकेगा और उन्हें दूरदराज से अपनी समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय स्तर पर परेशान न होना पड़े। कलेक्टर भिण्ड श्री श्रीवास्तव ने तहसील लहार में जाकर जनसुनवाई लेने का निर्णय लिया है।
आज लहार नगर पालिका कार्यालय के मीटिंग हॉल में कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्टर ने आवेदकों की बात सुनी और प्राप्त आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में एसडीएम लहार विजय यादव, सीईओ जनपद लहार, तहसील स्तर के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने गंभीर बीमारी से संबंधित इलाज, विद्युत बिलों में सुधार, हैण्डपंपों का संधारण, पेंशन, सड़क दुघर्टना सहायता, हितग्राही मूलक योजनाओं में बैंक ऋण, बीपीएल राशन कार्ड, जमीन पर कब्जा एवं प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके संबंध में आवेदक को भी कार्यवाही से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
जिला मुख्यालय पर 100 से अधिक आवेदनों पर कार्यवाही के दिए निर्देश
कलेक्ट्रेट में आयोजित शासन की महत्वाकांक्षी योजना जनसुनवाई में अपर कलेक्टर लक्ष्मीकांत पाण्डेय ने आवेदकों की समस्याओं, शिकायतों को सुना और उनका निराकरण किया। कुछ प्रकरणों में संबंधित जिला अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही एवं शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान 100 से अधिक आवेदन आए जिन पर संबंधितों को भेजकर कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी, शहरी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
जनसुनवाई के दौरान फरियाद लेकर आने वाले वार्ड क्रमांक 19 दर्पण कॉलोनी भिण्ड के निवासी अवधकिशोर पुत्र स्व. रामसिया एवं ग्राम पिथनपुरा जनपद पंचायत अटेर के निवासी लक्षीराम पुत्र छोटेलाल द्वारा दिव्यांगता के कारण दैनिक दिनचर्या के कामों में होने वाली परेशानी के बारे में अवगत कराया गया। जिस पर अपर कलेक्टर ने अवधकिशोर एवं लक्षीराम की परेशानियों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुये तत्काल संज्ञान लेकर सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए ट्राईसाईकिल उपलब्ध कराई। अपनी समस्या का निराकरण हो जाने पर अवधकिशोर एवं लक्षीराम ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।




