जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
नगर के नौनिहालगंज बाजार के उत्तर दिशा में स्थित प्रमुख नाले को जेसीबी मशीन से खोदकर नया आरसीसी नाला बनाने का कार्य नगरपालिका के ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है। नाला निर्माण को लेकर जहां एक ओर नागरिकों को भविष्य में जलभराव से राहत मिलने की कोई खास उम्मीद नहीं है, वहीं दूसरी ओर निर्माण कार्य के दौरान निकली गंदगी और सिल्ट ने लोगों को परेशानी मे डाल दिया है।
गौरतलब है कि लगभग एक माह से नगर के प्रमुख बरसाती नाले को तोड़कर नये आर सीसी नाले का निर्माण कर चल रहा है। नगर पालिका के ठेकेदार द्वारा नाला खोदाई के दौरान निकली सैकड़ों ट्रालियां गंदी सिल्ट बाजार और कस्बा जाने वाले मुख्य मार्गों पर ही जमा कर दी गई हैं। इससे सड़क दलदल में तब्दील हो गई है । जिससे आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नाला खुदाई से निकलने वाला गंदा कचरा और सिल्ट रोजाना उठाकर सुरक्षित स्थान पर डंप कर दिया जाता, तो यह समस्या उत्पन्न ही नहीं होती। सड़कों पर जमा सिल्ट के कारण बदबू फैल रही है। जिससे आसपास के दुकानदार और निवासी भी परेशान हैं। व्यापारी रविकांत गुप्ता , विनोद कुशवाहा , रेहान खान योगेश रस्तोगी , रईस अंसारी , राधेश्याम व कमलेश गुप्ता आदि
व्यापारियों का कहना है कि गंदगी के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है। जिससे उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं नागरिकों ने आशंका जताई कि खुले में पड़ी सिल्ट से मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है। जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के साथ-साथ साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए और नाला खुदाई से निकली सिल्ट को प्रतिदिन हटवाया जाए। साथ ही निर्माण स्थल पर उचित प्रबंधन कर आम जनता को राहत दिलाई जाए। ताकि विकास कार्य परेशानी का कारण न बने। वही वही इस समस्या संबंध में जब नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी और अध्यक्ष से मोबाइल फोन पर बात करने का प्रयास किया गया तो दोनों ने फोन ही रिसीव नहीं किया।




