जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव। स्थानीय मानव उत्थान सेवा समिति ने मुख्यमंत्री जनता दरबार में ज्ञापन प्रस्तुत कर शिक्षा मित्र, अनुदेशक, आंगनवाड़ी और आशा बहुओं सहित सभी संविदा कर्मचारियों के लिए दीपावली बोनस की मांग की है।
समिति की अध्यक्ष सुनीता कुशवाहा बीते सोमवार को मुख्यमंत्री जनता दरबार पहुंचीं और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष शिक्षा मित्र, अनुदेशक, आंगनवाड़ी कार्यकत्री, आशा बहुओं सहित सभी संविदा कर्मचारियों को दीपावली बोनस में शामिल करने की मांग रखी। उन्होंने ज्ञापन में कहा है कि दीपावली का त्यौहार केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं है। बल्कि यह शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं सहित सभी संविदा कर्मचारियों के मेहनतकश हाथों के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि इन सभी संविदा कर्मचारियों को बोनस में शामिल किया जाए। जिससे उनका मनोबल बढ़ सके और समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियों की रोशनी पहुंचे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से त्वरित और न्यायसंगत निर्णय की अपील की है।




