जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश बांगरमऊ, उन्नाव नगर पालिका द्वारा बोर्ड में पारित प्रस्ताव के विपरीत गृह कर की दर साढ़े चार गुना बढ़ा कर अंतिम प्रकाशन कराया गया है। नगर पालिका परिषद के सभासदों ने पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को पत्र भेजकर बोर्ड की बैठक में प्रस्तावित दरों को ही लागू करने की मांग उठाई है।
नगर पालिका बोर्ड के आशीष, राहुल शुक्ला, अनिल कुमार , वीरपाल, सुनील, पप्पू कुशवाहा, आफाक व तौफीक आदि सभासदों द्वारा अध्यक्ष रामजी गुप्ता और अधिशासी अधिकारी गुंजन गुप्ता को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि उ.प्र. नगर पालिका नियमावली 2024 के अंतर्गत भवन व भूमि तथा दोनों के मासिक किराया दरों के निर्धारण हेतु पालिका बोर्ड की बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुरूप बीते दिनांक 8 जनवरी, 2025 को अंतिम प्रकाशन कर दिया गया था। यह प्रस्तावित दरें बीते एक अप्रैल 2025 लागू किया जाना था। किंतु पालिका द्वारा बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के विपरीत विगत 31 मई, 2025 को मासिक किराया दरों के संदर्भ में पुनः एक विज्ञप्ति दो समाचार पत्रों में प्रकाशित कराई गई है। जो बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्तावित दरों से भिन्न है और दोनों की दरों में काफी विरोधाभास है। सभासदों के अनुसार बोर्ड की बैठक में प्रस्तावित दरों को पालिका द्वारा प्रकाशित विज्ञप्ति में साढ़े चार गुना बढ़ा दिया गया है। सभासदों ने पत्र के जरिए अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से पालिका द्वारा भूमि व भवन के मासिक किराए की दरों हेतु प्रकाशित नई विज्ञप्ति को खारिज कर बोर्ड की बैठक में प्रस्तावित दरों का अंतिम प्रकाशन कराए जाने की मांग की है
सुभाष सिंह,ब्यूरो चीफ उन्नाव




