जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ, उन्नाव।
कोतवाली क्षेत्र में हरदोई मार्ग पर स्थित ग्राम सुल्तानपुर की पुलिस के निकट तेज रफ्तार पार्सल वैन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बहन-भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां ले गई। जहां चिकित्सकों ने बहन को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल भाई को नाजुक हालत में जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया। गंजमुरादाबाद चौकी पुलिस ने टक्कर मारने वाली पार्सल वैन को कब्जे में ले लिया है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जिला हरदोई के थाना सुरसा अंतर्गत ग्राम नेवलिया के मजरा ढोलिया निवासी सचिन 18 वर्ष पुत्र स्व. गिरजा राठौर बीते मंगलवार को बाइक से अपनी बहन राजकुमारी 23 वर्ष को लेकर अपने मौसा रामसिंह निवासी केसरी पुरवा थाना बांगरमऊ जनपद उन्नाव आया था। आज बुधवार की सुबह वह अपनी बहन को लेकर अपने घर वापस लौट रहा था। तभी रास्ते में ग्राम सुल्तानपुर की पुलिया के निकट अचानक विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही पार्सल वैन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार बहन-भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीर दोनों घायलों को सरकारी एम्बुलेंस से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां लाए। जहां चिकित्सक ने देखते ही बहन राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया। जबकि भाई सचिन की हालत नाज़ुक देखकर उसे जिला अस्पताल हरदोई रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गंजमुरादाबाद चौकी पुलिस ने टक्कर मार कर भाग रही पार्सल वैन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हरदोई भेज दिया। प्रशिक्षु सीओ हरे कृष्ण शर्मा ने बताया कि घायल सचिन को जिला अस्पताल रिफर किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना स्थल उन्नाव जिले में है। इसलिए घटना की रिपोर्ट बांगरमऊ में कराई जा सकती है।
सुभाष सिंह ब्यूरो चीफ उन्नाव




