जी भारत न्यूज24
झांसी (उत्तर प्रदेश) | देवेश प्रताप सिंह राठौर:
उत्तर प्रदेश के झांसी में शिक्षा विभाग ने अवैध और बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। नगर क्षेत्र झांसी की खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अंतिमा ने डड़ियापुरा द्वितीय स्थित हरगोविंद साहू के मैरिज हॉल में बिना मान्यता के संचालित हो रहे एक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर उसे तुरंत बंद कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मैरिज हॉल परिसर में ‘न्यू मॉडर्न पब्लिक स्कूल/सर्वोदय ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल’ बिना किसी वैध मान्यता के नर्सरी से कक्षा 12वीं तक संचालित पाया गया। मौके पर लगभग 80 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत मिले।
कार्रवाई और मुख्य बिंदु:
कड़ी चेतावनी व बंद के निर्देश: खंड शिक्षा अधिकारी ने स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए मैरिज हॉल में चल रहे अमान्य विद्यालय को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया।
सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी: अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि यह स्कूल दोबारा संचालित पाया गया, तो संचालक पर ₹1 लाख का अर्थदंड लगाया जाएगा और प्रबंधक के खिलाफ FIR (प्राथमिकी) दर्ज कराई जाएगी।
अभिभावकों से अपील: खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों का भविष्य खतरे में न डालें और बिना मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अपने बच्चों का प्रवेश (एडमिशन) कदापि न कराएं।




