भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पत्नी ने ही अपने सुहाग का उजाड़ दिया। अटेर थाना क्षेत्र में हुई एक व्यक्ति की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस पत्नी ने लूट और हत्या की झूठी कहानी रची थी, असल में वही इस पूरे हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
बीती 8 अप्रैल 2026 को फरियादी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी थी कि जब वह अपने पति और बच्ची के साथ बाइक से मायके जा रही थी, तभी रिदौली-खरिका रोड पर दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने लूट की नीयत से उनके बैग को छीना और विरोध करने पर उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी। इस रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ऐसे खुला राज: मनोवैज्ञानिक पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिंड एसपी डॉ. असित यादव और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस को शुरुआत से ही पत्नी के बयानों पर संदेह था। जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य (WhatsApp Calling) और मनोवैज्ञानिक तरीके से महिला से पूछताछ की, तो वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रहा था पति
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला का अपने ही देवर (रिश्ते में) के साथ पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों साथ रहना चाहते थे और इसमें पति सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था। इसी बाधा को हटाने के लिए महिला ने अपने प्रेमी और उसके एक साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की खौफनाक साजिश रची।
पुलिस की बड़ी सफलता और इनाम की घोषणा
अटेर थाना प्रभारी और उनकी टीम ने महज 48 घंटों के भीतर इस ‘अंधे कत्ल’ का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल:
12 बोर का अवैध कट्टा
बिना नंबर की मोटरसाइकिल
मोबाइल फोन
खाली कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस की इस मुस्तैदी पर डीआईजी/पुलिस अधीक्षक द्वारा 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।




