जी भारत न्यूज24
9 अगस्त को लहार में कांग्रेस करेगी विशाल जंगी प्रदर्शन
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और अरुण यादव करेंगे आगाज़
भिण्ड। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा आजादी की लड़ाई के दौरान अंग्रेजो भारत छोड़ो का ऐलान 9 अगस्त 1942 को किया और इसी दिन यानि 9 अगस्त 2024 को भिण्ड के लहार से भाजपा को खदेड़ने के लिए ऐलान-ए-जंग किया जाएगा। जिसकी अगुवाई पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव करेंगे।
उक्त आशय की जानकारी गुरुवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविन्द सिंह के भिण्ड स्थित निज निवास टिकासरा पर खबरनबीसों से आयोजित गुफ्तगू में पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी और पूर्व मंत्री डॉ.गोविन्द सिंह ने दी। पूर्व मंत्री डॉ.गोविन्द सिंह और पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी के अलावा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा,राधेश्याम शर्मा,कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस श्रत्रप मौजूद रहे।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ.गोविन्द सिंह और पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने बताया आजादी से पहले 9 अगस्त के दिन महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन चलाया था, इस दिन को कांग्रेस भिंड में क्रांति दिवस के रूप में मनाएगी, भिंड जिले एवं प्रदेश की कई समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा लहार में विशाल जंगी प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। लहार में विशाल जनसभा के बाद भिंड पहुंचकर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा जाएगा।




