जी भारत न्यूज24
“अलोकतांत्रिक तरीके से रद्द हुआ नामांकन” — भिंड में कलेक्ट्रेट पहुंचकर युवा कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
भिंड। मध्य प्रदेश कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन कथित रूप से अनैतिक एवं अलोकतांत्रिक तरीके से निरस्त किए जाने के विरोध में आज जिला युवा कांग्रेस भिंड ने मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचकर तीखा विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले को लेकर महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के नाम एक ज्ञापन भिंड के अपर कलेक्टर को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से युवा कांग्रेस ने मांग की है कि नामांकन रद्द करने के पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा को बहाल रखा जा सके।
“लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला” — मनीष पुरोहित
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष पुरोहित ने इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि:
“मीनाक्षी नटराजन का नामांकन जानबूझकर और पूरी तरह गलत तरीके से रद्द किया गया है। यह सिर्फ एक प्रत्याशी का नामांकन रद्द होना नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है। युवा कांग्रेस इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है और न्याय मिलने तक शांत नहीं बैठेगी।”
पूरे मध्य प्रदेश में उबाल, सड़कों पर उतरे कांग्रेसी
मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द होने के बाद से ही मध्य प्रदेश कांग्रेस में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। भिंड के अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से निष्पक्षता बरतने और नामांकन को तत्काल बहाल करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला युवा कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और बड़ी संख्या में आक्रोशित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट शिवराज सिंह कुशवाह




