जी भारत न्यूज24
//उन्नाव//क्राइमडेस्क
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में सवारियों को लिफ्ट देकर लूटने वाले एक शातिर गैंग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसओजी (SOG), सर्विलांस और दही थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक (SP) जेपी सिंह के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के पास घेराबंदी की। यहाँ से गिरोह के सरगना रोहन और उसके तीन साथियों—यश शुक्ला, यश तिवारी और यश गुप्ता को दबोच लिया गया।
वारदात का तरीका: कानपुर-लखनऊ रूट पर थे सक्रिय
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था:
टारगेट: कानपुर से लखनऊ जाने वाली सवारियां।
तरीका: गिरोह अपनी कार में सवारियों को लिफ्ट देने के बहाने बैठाता था।
लूट: जैसे ही कार सुनसान इलाके में पहुँचती, आरोपी चापड़ और तमंचा दिखाकर यात्रियों को डराते और उनके पास मौजूद नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो जाते थे।
किराए की कार से ‘क्राइम’ का कारोबार
जांच में सामने आया कि लूट की वारदातों को अंजाम देने के लिए गिरोह ने आर्यन रस्तोगी नाम के व्यक्ति से 1,000 रुपये प्रतिदिन के किराए पर कार ली थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।




