जी भारत न्यूज24
झांसी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) लिखित परीक्षा-2022 के पहले दिन की परीक्षा बुधवार (03 जून) को झांसी नगर के 07 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन माहौल में संपन्न हो गई।
सुरक्षा और सुचिता को बनाए रखने के लिए पूरे जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 (पूर्व में द.प्र.स. की धारा-144) लागू रही, जिसका प्रशासनिक अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों ने सख्ती से अनुपालन कराया।
ऑब्जर्वर ने प्रशासनिक अमले के साथ परखी सुचिता
परीक्षा को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग द्वारा तैनात की गईं मुख्य ऑब्जर्वर श्रीमती कुमुदलता श्रीवास्तव ने खुद परीक्षा केंद्रों का तूफानी दौरा किया। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नोडल अधिकारी) श्री शिव प्रताप शुक्ल, पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह और डीएसओ सुश्री सौम्या अग्रवाल के साथ मिलकर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने नेशनल हाफिज सिद्दीकी कॉलेज और सूरज प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज सहित विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाचार्य कक्ष में बने कमांड कंट्रोल रूम से सीधे कक्षाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर की लाइव फीड देखी तथा मिनट-टू-मिनट रिकॉर्डिंग की तकनीकी जांच की।
“नकल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं” — ADM प्रशासन
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने केंद्र व्यवस्थापकों और जांच एजेंसियों को बेहद सख्त निर्देश दिए:
कड़ी चेकिंग: किसी भी डुप्लीकेट (मुन्नाभाई) परीक्षार्थी को प्रवेश न मिले। कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्र और आईडी की गंभीरता से जांच करें।
महिला अभ्यर्थियों की गरिमा: महिला परीक्षार्थियों की तलाशी बेहद सावधानीपूर्वक केवल महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही ली जाए।
सुविधाएं: केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और रैम्प जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं।
फर्स्ट डे एग्जाम: आंकड़ों की नजर से (झांसी जनपद)
नोडल अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि पहले दिन दोनों पालियों में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
पहले दिन की दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न होने पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने मुस्तैद रहे सभी सेक्टोरियल/स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, पुलिस विभाग और प्रशासनिक टीम को बधाई दी।
मौके पर मौजूद रहा प्रशासनिक अमला
इस दौरान मुख्य रूप से डीआईओएस (DIOS) श्रीमती रती वर्मा, नेशनल हाफिज सिद्दीकी कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री उस्मान खान, श्री सत्येन्द्र उपाध्याय, श्री लखन सिंह यादव सहित भारी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी केंद्रों पर डटे रहे।
रिपोर्टर: देवेश प्रताप सिंह राठौर




