जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
नगर के सबसे व्यस्ततम इलाके लखनऊ रोड चौराहा पर बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। चौराहे के पास स्थित बिस्मिल्लाह बेकरी के ठीक सामने मुख्य सड़क के किनारे नाले की लोहे की जाली टूटकर खूनी गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। इस टूटी जाली की वजह से यहाँ कभी भी कोई बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता है, लेकिन प्रशासन मौन साधे बैठा है।
हादसों का ‘हॉटस्पॉट’ बना लखनऊ रोड चौराहा
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के मुताबिक, व्यस्त मार्ग होने के कारण यहाँ चौबीसों घंटे वाहनों का दबाव रहता है। रात के अंधेरे में यह टूटी जाली दिखाई नहीं देती, जिसके कारण आए दिन बाइक सवार इसमें फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। जाली के नुकीले हिस्से न केवल वाहनों के टायर फाड़ रहे हैं, बल्कि असंतुलित होकर गिरने वाले बाइक सवारों के लिए पीछे से आने वाले भारी वाहन काल बन सकते हैं।
“पिछले एक हफ्ते में यहाँ आधा दर्जन से अधिक लोग चोटिल हो चुके हैं। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए पैदल सड़क पार करना भी दूभर हो गया है।” — स्थानीय निवासी
नगर पालिका की लापरवाही पर आक्रोश
नगर वासियों का आरोप है कि नाले की जाली पिछले काफी समय से क्षतिग्रस्त है। नगर पालिका प्रशासन और संबंधित विभाग को कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि विभाग शायद किसी बड़ी अनहोनी के इंतजार में है।




