जी भारत न्यूज24
गोपाल बसेड़िया
आपका एक वोट मोदी जी की ताकत बनकर हर वर्ग के लिए विकास कार्य को आगे बढ़ाएगा : संध्या राय
भिण्ड । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री
डॉ. मोहन यादव ने फूफ में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा की देश और प्रदेश का विकास बीजेपी की सरकार में हुआ है। जब तक देश के अंदर बीजेपी की सरकार है नरेंद्र मोदी की सरकार है तब तक किसान और जवान और महिलाओं को सम्मान मिलता रहेगा। वे भिण्ड जिले
के अटेर विधानसभा के नगर परिषद फूप एवं गोहद विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी एवं सांसद श्रीमती संध्या राय के समर्थन में चुनावी सभा संबोधित करने पहुंचे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि जो राम को नहीं पहचानता है,उसको देश की जनता नहीं पहचानती है। अब ऐसे में उनको वोट नहीं मिलते हैं तो उनको आत्म मंथन करना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कांग्रेस पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री एवं कई बार की डबरा से विधायक रह चुकी बहन इमरती देवी के बारे में अनर्गल बयान देकर उन्होंने अपनी मानसिकता को जाहिर किया है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर भी सीधा हमला बोला और कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने महिलाओं को लेकर पहले टंच माल और दिग्विजय सिंह ने आइटम जैसे शब्द बोले थे,जिससे उनकी मानसिकता जाहिर होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की जब यह सोच है तो इस पार्टी की मानसिकता सामने आ चुकी है।
मुख्यमंत्री श्री यादव ने अपने भाषण में रघुकुल रीत का उल्लेख करते हुए कहा कि जो पार्टी ने कहा वह करके दिखाया है, पार्टी ने अयोध्या में राम का मंदिर निर्माण करवा दिया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद व प्रत्याशी श्रीमती संध्या राय ने कहा कि जब वर्ष 2019 में आप लोगों ने मुझ पर विश्वाास जाहिर किया था तब मैं सांसद बन सकी,आपके एक वोट की ताकत से तीन तलाक जैसे कानून देश से बीजेपी की नरेंद्र मोदी की सरकार ने खत्म किया। आपके एक वोट की ताकत से कश्मीर से धारा 370 हटाई जा सकी। आपके एक वोट की ताकत से भगवान श्री राम का मंदिर अयोध्या में बन सका। उन्होंने कहा कि आज फिर पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है,आप लोगों के आशीर्वाद की जरूरत है,आपका एक वोट देश में नरेंद्र मोदी की सरकार बनाएगा। पूर्व मंत्री डॉ अरविंद सिंह भदौरिया ने मंच से अटेर विधानसभा की जनता को आव्हान करते हुए कमल के फूल के पक्ष में मतदान करने की अपील की,उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता की शुभचिंतिक पार्टी है।
इस अवसर पर विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया,पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र राणा , लोकसभा चुनाव संयोजक अवधेश सिंह कुशवाह एडवोकेट पूर्व जिला अध्यक्ष रवि सेन जैन,आदि मंच पर उपस्थित रहे।




