जी भारत न्यूज24
उन्नाव। जनपद के सफीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परियर से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ गांव के दबंगों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है, वहीं पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने और कार्रवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता किरन पत्नी उमाशंकर ने बताया कि बीती 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे गांव के ही दबंग राजेंद्र और मुकेश (पुत्र सोनेलाल) ने उनके पति पर लोहे की रॉड, लाठियों और लात-घूसों से हमला बोल दिया। हमले के दौरान उमाशंकर के सिर पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची किरन के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता और मारपीट की।
एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं
मामले में थाना सफीपुर में अपराध संख्या 44/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 351(3) बीएनएस (BNS) में मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पुलिस केवल कागजी खानापूर्ति कर रही है। किरन का कहना है कि:
पुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
गंभीर चोट के बावजूद आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण (सीटी स्कैन) नहीं कराया गया।
आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार सुलह का दबाव बना रहे हैं।
दुस्साहस: दोबारा की मारपीट और दी जान से मारने की धमकी
हैरानी की बात यह है कि पुलिस की ढिलाई से उत्साहित दबंगों ने 28 अप्रैल 2026 को दोबारा मारपीट की घटना को अंजाम दिया, जिसमें प्रियांशू को निशाना बनाया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी अब घर में आग लगाने, झूठे मुकदमे में फंसाने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे हैं।
न्याय की गुहार
पीड़िता किरन ने पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित हो और फरार चल रहे दबंगों को अविलंब जेल भेजा जाए।
ब्यूरो रिपोर्ट: ज़ी भारत न्यूज़ 24




