जी भारत न्यूज24
उन्नाव। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के सालेपुर गांव में एक 17 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में नीम के पेड़ से युवती का शव लटका मिलने से गांव में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान सालेपुर निवासी ज्योति (17) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ज्योति दो दिन पहले एक युवक के साथ घर से गई थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका था। अब खेत में शव मिलने के बाद परिजनों ने युवती की हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस संदिग्ध युवक समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




