जी भारत न्यूज24
उन्नाव। जनपद के जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शनिवार को आयोजित मासिक बैठक हंगामेदार रही। बैठक में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व पर की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ भारी आक्रोश देखा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न केवल मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि उनका पुतला दहन करने की भी कोशिश की, जिसे लेकर पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर खींचतान हुई।
पुलिस और कांग्रेसियों में धक्का-मुक्की
जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में जब कांग्रेसी पुतला फूंकने के लिए बाहर निकले, तो वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस कार्यालय के भीतर घुसने का प्रयास कर रही थी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया। जैसे ही बरामदे में पुतले को आग लगाने की कोशिश की गई, पुलिस ने जबरन पुतला छीन लिया और उसे पास के एक गेस्ट हाउस की ओर ले गई।
“लोकतंत्र की हत्या कर रही सरकार”
इस घटनाक्रम से नाराज वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमत सिंह ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया। उन्होंने कहा, “शांतिपूर्वक विरोध करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन यह गूंगी-बहरी सरकार पुलिस के दम पर विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है।” जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने दो टूक कहा कि असम के मुख्यमंत्री की टिप्पणी क्षमा योग्य नहीं है और कांग्रेस इसका ईंट से ईंट बजाकर जवाब देगी।
पुतला दहन और प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से जितेंद्र सिंह जीतू, सैयद सागर, युसूफ फारुकी, प्रदीप शर्मा, मणिकांत रावत, फैज फारुकी, तन्मय श्रीवास्तव, आदित्य लोधी, शकील और अनीस खान सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई को दी गई श्रद्धांजलि
इसी बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया।
वक्ताओं ने मोहसिना जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज कांग्रेस के पास जो प्रदेश कार्यालय की विशाल इमारत है, वह उन्हीं की देन है। श्रद्धांजलि देने वालों में सुरेंद्र कुशवाहा, हनुमत सिंह, चंद्र प्रकाश शुक्ला, अमरेंद्र प्रताप सिंह, जितेंद्र सिंह जीतू, खुर्रम, कमलेश तिवारी, बाबूराम निषाद और अरविंद सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।
रिपोर्ट: देवेश प्रताप सिंह राठौर




