जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चिंगर पुरवा में चर्चित किशोरी की चाकू से निर्मम हत्या करने की घटना में आज नया मोड़ आ गया है। पुलिस की जांच में घटना आनर किलिंग की निकली। किशोरी की हत्या उसके सगे भाई ने ही की थी। जबकि मृतका की बुआ की रिपोर्ट में दर्ज कराए गए आरोपी बेगुनाह साबित हुए हैं। पुलिस ने घटना का पर्दाफाश कर हत्यारे भाई को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर आला कत्ल भी बरामद किया है।
बीते गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव चिंगर पुरवा में 16 वर्षीय किशोरी आरती पुत्री अमर सिंह की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना की चश्मदीद मृतका की बुआ सोनी के बयान और दूसरी बुआ रेखा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी राजेश पुत्र गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेश की मां को हिरासत में लिया था। आरोपी की मां से पूछताछ के दौरान पुलिस के हाथ अहम सुराग लग गए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने मृतका के भाई अंकित को हिरासत में लेकर सघन पूछताछ की। तब अंकित ने अपनी सगी बहन की हत्या का सारा राज उगल दिया। उसने पुलिस को बताया कि उसकी बहन आरती किसी लड़के से फोन पर बातचीत करती थी। परिवार की बदनामी के डर से उसने बहन आरती को बातचीत के बहाने एकांत में बुलाया और चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर बहन को मौत के घाट उतार दिया। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि मृतका की बुआ द्वारा आरोपी बनाए गए राजेश का घटना से कोई संबंध नहीं मिला है। भाई ने गुनाह कबूल कर लिया है और उसकी निशानदेही पर आला कत्ल चाकू बरामद कर लिया गया है। मृतका के भाई के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर उसे अदालत भेजा जा रहा है।




