जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश उन्नाव। पुलिस ने चेन स्नैचिंग के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दही थाना क्षेत्र में हुई इस घटना का खुलासा दही पुलिस, कोतवाली सदर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम के संयुक्त अभियान में हुआ। पीड़िता रानी देवी की शिकायत पर पुलिस ने विशेष टीम बनाई। मुखबिर की सूचना पर करोवन-सिकंदरपुर सरोसी रोड पर कुंदन सिंह के बाग के पास पुलिस ने घेराबंदी की। दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए। घायल बदमाशों में राजेन्द्र प्रसाद और श्रीकांत तिवारी उर्फ टीटू शामिल हैं। अन्य दो पकड़े गए आरोपी नितिन और अमन हैं। मौके से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस, चोरी की चेन के दो टुकड़े और दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है। इनसे अन्य अपराधों का भी खुलासा हो सकता है।
सुभाष सिंह,ब्यूरो चीफ उन्नाव




