जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश मोंठ (झाँसी)। गोरखपुर से पुणे जा रही एक ट्रेन में उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया। यात्रियों की सूचना पर रेलवे पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्री को मोंठ स्टेशन पर उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के थाना शिवपुर अंतर्गत ग्राम तिलसर निवासी मिट्ठूलाल पुत्र रामविलास पासवान गोरखपुर से पुणे जा रही ट्रेन संख्या 15029 में इंजन के पीछे लगे जनरल कोच में सफर कर रहे थे। गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि जब ट्रेन मोंठ स्टेशन के पास पहुँची, तभी उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और वे बेहोश हो गए।
ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्रियों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने मोंठ स्टेशन पर तैनात आरपीएफ को सतर्क किया। ट्रेन को रात करीब 3:26 बजे मोंठ स्टेशन पर रोका गया। आरपीएफ चौकी प्रभारी जेपी यादव और आरपीएफ जवानों ने 108 एंबुलेंस की मदद से रात 3:38 बजे मिट्ठूलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चौकी प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि “घटना की जानकारी जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों को दी गई। शुक्रवार सुबह उरई जीआरपी टीम अस्पताल पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यात्री की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड से की गई। फिलहाल जीआरपी पुलिस घटना की जांच में जुटी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
देवेश प्रताप सिंह राठौर,ब्यूरो चीफ उत्तर प्रदेश




