जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर चालक को अचानक झपकी आ जाने से मिनी ट्रक तेज गति से टैंकर के पीछे जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि मिनी ट्रक का केविन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक घायल हो गया और परिचालक चालक केविन के अंदर फंस गया। चालक की सूचना पर पहुंची यूपीडा रेस्क्यू टीम ने केविन तोड़कर किसी तरह घायल परिचालक को बाहर निकाला और सरकारी एंबुलेंस के जरिए उसे यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने परिचालक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हेतु भेजकर घटना की खबर मृतक के परिजनों को दी।
जिला इटावा के थाना जसवंत नगर अंतर्गत ग्राम फतेपुरा निवासी परिचालक आरजू उर्फ राजू कुमार 20 वर्ष पुत्र अखिलेश यादव अपने चालक राजीव कुमार के साथ मध्यप्रदेश से मिनी ट्रक में प्याज लादकर लखनऊ जा रहा था। तभी रास्ते में आज शुक्रवार को तड़के करीब तीन बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे स्थित ग्राम जोगीकोट के सामने किलोमीटर संख्या 244 पर चालक को अचानक झपकी आ जाने से मिनी ट्रक तेज गति से आगे चल रहे टैंकर के पीछे जा घुसा। हादसे में मिनी ट्रक का केविन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक घायल हो गया। जबकि परिचालक केविन के अंदर फंस गया। चालक की सूचना पर पहुंची यूपीडा रेस्क्यू टीम ने मिनी ट्रक के क्षतिग्रस्त केविन को किसी तरह तोड़कर घायल परिचालक को बाहर निकाला और सरकारी एंबुलेंस के जरिए उसे गंभीर अवस्था में बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची बेहटा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना की खबर मृतक के परिजनों को दी। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक अभी अविवाहित था और तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मौत की खबर मिलते ही मां सुनीता देवी दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगी।
बेहटा थाना प्रभारी मुन्ना कुमार ने बताया कि परिचालक का शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है। चालक अथवा परिजन से घटना की तहरीर मिलते ही विधिक कार्यवाही की जाएगी।




