जी भारत न्यूज24
सभासदों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत
उत्तर प्रदेश उन्नाव। नगर पंचायत मौरावां में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। नगर पंचायत के कई सभासदों ने अध्यक्ष विवेक सेठ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को सभासदों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। उन्होंने डीएम गौरांग राठी को ज्ञापन सौंपा। सभासदों ने अध्यक्ष को पद से हटाने और 11 बिंदुओं पर जांच की मांग की है। सभासदों का कहना है कि विकास कार्यों में बड़ी अनियमितताएं हो रही हैं। कार्यों की गुणवत्ता खराब है। कई जगह अधूरे काम को पूरा दिखाकर भुगतान कर दिया गया है। अध्यक्ष पर ठेकेदारों से मिलीभगत का भी आरोप है। सभासदों ने बताया कि जब वे इन अनियमितताओं का विरोध करते हैं, तो अध्यक्ष उन्हें धमकाते हैं। इससे पंचायत की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। डीएम गौरांग राठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच होगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनता के पैसे का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुभाष सिंह ब्यूरो चीफ उन्नाव




