जी भारत न्यूज24
उन्नाव में लालगंज हाइवे पर हादसा, इलाज के दौरान दम तोड़ा, इंटर कॉलेज में चपरासी था
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर पचोड़ा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बता दे कि मृतक की पहचान अचलगंज थाना क्षेत्र के अर्चित खेड़ा गांव निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। वह रायबरेली जिले के डलमऊ स्थित एक इंटर कॉलेज में चपरासी के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, सुनील अपने घर लौट रहा था। पचोड़ा गांव के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुनील सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अचलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायल सुनील को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश कर रही है। सुनील की मौत की खबर सुनते ही उसके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां शांति देवी, जो पड़री कला गांव की प्रधान हैं, बेटे की मौत की सूचना पर बेसुध हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




