जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
क्षेत्रीय विधायक श्रीकांत कटियार ने बीते शुक्रवार की शाम भगवान कृष्ण का पूजन और आरती कर नगर के श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला मैदान में आयोजित 74 वें कृष्ण लीला महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कलयुग में भगवान के जप और तप से ही प्राणी भवसागर को पार कर सकता है। भव्य लीला मंच से विधायक श्री कटियार ने कहा कि वर्तमान समय में टीवी व मोबाइल आदि का उपयोग अत्यधिक बढ़ गया है। ऐसे आयोजन लोगों को धर्म की राह पर चलने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने लीला समिति के सभी सदस्यों सहित वृंदावन से आए सभी बाल कलाकारों को सम्मानित किया।
पंडित हीरालाल शर्मा रासलीला मंडल द्वारा बीते शुक्रवार की शाम मंचित किया गया कि कंस के अत्याचार से व्याकुल धरती की पुकार सुनकर भगवान अवतरित हुए। राजा कंस अपनी बहन देवकी का विवाह वासुदेव के साथ करता है। विदाई के समय आकाशवाणी हुई कि इसी बहन का अष्टम लाल राजा कंस का काल होगा। कंस एक-एक कर देवकी के 7 पुत्रों की हत्या कर देता है। अंततः आठवें पुत्र के रूप में भगवान कृष्ण अवतरित होते हैं। लीला समाप्ति पर भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बालाराव गुप्ता, उप्र व्यापार संगठन के अध्यक्ष शरद अग्रवाल, व सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप रस्तोगी सहित समिति के सभी सदस्यों ने भगवान कृष्ण की आरती कर श्रोता भक्तों को प्रसाद वितरित किया।




