जी भारत न्यूज24
उत्तर प्रदेश (झांसी) | “भारत की जनगणना विश्व की सबसे बड़ी संवैधानिक प्रक्रिया है। यह अभियान आने वाले वर्षों की सरकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण और विकास कार्यों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।” यह बात झांसी के जिलाधिकारी व प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री गौरांग राठी ने जनपद में शुरू हुए मकान गणना अभियान के दौरान कही। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे एक जिम्मेदार नागरिक की तरह आगे आएं और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं।
झांसी में रफ्तार पकड़ रहा अभियान, 20 जून तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
जनपद सहित देशभर में जनगणना 2027 के पहले बड़े चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) की तैयारियों ने अब पूरी रफ्तार पकड़ ली है। झांसी जनपद में शुक्रवार से मकान गणना अभियान की शुरुआत हो गई है।
इसके तहत नियुक्त किए गए प्रगणक (Enumerators) घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाएंगे। सर्वे के दौरान प्रत्येक परिवार से करीब 34 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी। यह अभियान आगामी 20 जून 2026 तक लगातार जारी रहेगा। इसके लिए शहर और ग्रामीण इलाकों को अलग-अलग गणना ब्लॉकों में बांटकर सर्वे कार्य कराया जा रहा है।
पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का होगा ऑनलाइन वेरिफिकेशन
जनगणना विभाग के मुताबिक, पहले से चल रही ‘स्व-गणना (Self Enumeration)’ प्रक्रिया में हजारों लोग पोर्टल के जरिए खुद अपनी जानकारी दर्ज करा चुके हैं। अब मैदान में उतरे प्रगणक घर-घर जाकर इन जानकारियों का भौतिक सत्यापन (वेरिफिकेशन) करेंगे और उन्हें अंतिम रूप से ऑनलाइन अपडेट करेंगे। जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील की है कि वे जनगणना टीम को पूरी तरह सही और स्पष्ट जानकारी दें, ताकि आंकड़े पारदर्शी और विश्वसनीय बन सकें।
झांसी ने हासिल किया बड़ा मुकाम:
जनपद में 07 मई से 21 मई 2026 तक चले विशेष स्व-गणना अभियान के तहत जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक विकास खंड में न्यूनतम 5000 मकानों और कम से कम एक ग्राम पंचायत में शत-प्रतिशत स्व-गणना का लक्ष्य दिया गया था। विस्तृत कार्ययोजना और जूम मीटिंग्स के जरिए क्षेत्रीय कर्मचारियों को सक्रिय कर झांसी जनपद में लगभग 49,000 मकानों की स्व-गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कराया गया।
सराहनीय कार्य करने वाले 19 पंचायत प्रतिनिधि और कर्मचारी सम्मानित
ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने और उनकी खुद की मोबाइल आईडी से डेटा फीड कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पंचायत स्तरीय 19 सम्मानित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को कलेक्ट्रेट में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी गौरांग राठी एवं मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड द्वारा इन कर्मठ ग्राम प्रधानों, पंचायत सहायकों और सचिवों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस गौरवपूर्ण अवसर पर मुख्य रूप से:
आयुष सैनी (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट)
पल्लवी मिश्रा (अपर जिलाधिकारी, वित्त एवं राजस्व)
शिव प्रताप शुक्ल (अपर जिलाधिकारी, प्रशासन)
बालगोविंद श्रीवास्तव (जिला पंचायत राज अधिकारी – DPRO)
इनके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, सचिव सहित जनगणना विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: देवेश प्रताप सिंह राठौर




