जी भारत न्यूज24
ग्वालियर। शहर की कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे कार मालिक को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली पासिंग गाड़ी पर ग्वालियर की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर धड़ल्ले से घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज कर कार को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
ऐसे खुला फर्जीवाड़े का राज
कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि कंपू निवासी संभाजी राव अवाड (41 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के पास पर्ल व्हाइट रंग की टोयोटा कोरोला कार है, जिसका असली रजिस्ट्रेशन नंबर MP07-CC-6372 है।
26 मार्च की शाम को जब फरियादी बिट्ठल दत्त मंदिर में दर्शन करने गए थे, तो रास्ते में डियोडी के पीछे टंकी के पास उन्हें एक सिल्वर रंग की टोयोटा कोरोला कार खड़ी दिखाई दी। हैरान करने वाली बात यह थी कि उस कार पर भी फरियादी की गाड़ी का ही नंबर (MP07-CC-6372) लिखा हुआ था। जब फरियादी के भाई ने पास जाकर कार की विंड शील्ड (कांच) पर चेक किया, तो वहां असली रजिस्ट्रेशन नंबर DL4C-NE-7751 दर्ज था।
चार महीने पहले दिल्ली से खरीदी गई थी कार
जब इस मामले की ऑनलाइन पड़ताल की गई तो पता चला कि यह कार मूल रूप से हिमांशु (निवासी: कांचीपुर ईस्ट, नई दिल्ली) के नाम पर दर्ज है। हिमांशु ने यह कार 2 नवंबर 2025 को ग्वालियर के सराफा दाना ओली निवासी बलदेव अग्रवाल को एग्रीमेंट (लिखा-पढ़ी) कर बेची थी।
आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त
फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी बलदेव अग्रवाल ने उनकी कार की नंबर प्लेट का छल-पूर्वक और कूट रचित (फर्जी) तरीके से इस्तेमाल किया है। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी बलदेव अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और कार को कस्टडी में ले लिया गया है।




