जी भारत न्यूज24
उन्नाव।अजगैन थाना क्षेत्र में सड़क पार करते समय एक बुजुर्ग किसान की तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना रविवार को कनई खेड़ा गांव में हुई। मृतक की पहचान 75 वर्षीय राधे लाल पुत्र छोटा निवासी कनई खेड़ा के रूप में हुई है। राधे लाल अपने खेत से घर लौट रहे थे। मुख्य सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राधे लाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजगैन पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार भी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलने पर अजगैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। राधे लाल अपने परिवार के मुखिया थे और उनके तीन बेटे तथा दो बेटियां हैं। परिवार खेती-बाड़ी से अपना गुजारा करता था।




